बालों का झड़ना रोकथाम – प्याज के रस का मिश्रण घरेलू उपचार से हेयर फॉल को रोकने की विधि

बालों का झड़ना रोकथाम प्याज के रस का मिश्रण

क्या आप जानते हैं की प्याज़ हमारे बालों को सजाने सवारने का भी काम कर सकता है? जी हां खाने में स्वाद बढ़ाने के साथ साथ प्याज़ इंसान के झड़ते बालों को भी रोक सकता है। प्याज़ में पाया जाने वाला “सल्फर” बालों की बढ़ोतरी करता है और झड़ने की समस्या को भी समाप्त करता है। प्याज़ से निकलने वाला रस जिसके उपयोग से हम अपने बालों को और अत्यधिक लम्बा घना बना सकते हैं। इसके लिए प्याज़ के रस में कई अन्य तत्व भी मिलाने पड़ेंगे, तो आईये जानते हैं की कौन से तत्वों को मिलाने से बालों के झड़ने की समस्या दूर होगी व बाल लम्बे भी होंगे।

प्याज़ के रस में शहद का मिश्रण:

2 चम्मच प्याज़ के रस में 1 चम्मच शहद को मिला लें। प्याज़ के रस के साथ शहद को अच्छी तरह से फटने के बाद अपने पूरे बालों में जड़ों से ऊपर लेते हुए लगाएं। इस मिश्रण को करीब 1 घण्टे तक अपने बालों में लगा रहने दें, उसके उपरांत बाल को साफ़ पानी से धो लें। यह क्रिया अगर हम हफ्ते में 2 से 3 बार दोहराएं तो बालों का टूटना कम होगा।

प्याज़ के रस में बादाम के तेल का मिश्रण:

इस विधि में भी 2 चम्मच प्याज़ के रस में 1 चम्मच बादाम का तेल अच्छी तरह मिला लें। जब प्याज़ का रस और बादाम का तेल अच्छी तरह एक दूसरे में मिल जाए तो इसे अपने बालों पर लगाएं। बालों की जड़ों सहित ऊपर भी लगा सकते हैं; रात्रि में लगाकर सारी रात इसे अपने बालों में लगा रहने दें। सुबह उठने के पश्चात आप पुनः इसे साफ़ पानी से धो लें। यह करने से बालों का झड़ना कम होगा और बाल चमकदार बनेंगे।

प्याज़ के रस में नींबू के रस का मिश्रण:

इस विधि में क्रमशः 2-2 चम्मच प्याज़ का रस और नींबू का रस अच्छे से फेट लें। जब ये मिश्रण अच्छे से एक दूसरे में मिल जाए तो इसे पूरे बालों में जड़ो सहित लगाएं। इसे लगाने के बाद 1 घण्टा बालों को सूखने दें, फिर बाद में साफ़ पानी से धो लें। प्याज़ का रस और नींबू का रस लगाने से हमारे बाल घने व मजबूत बनेंगे जो सिर्फ झड़ना ही नहीं उनकी कमजोरी को भी दूर करेंगे।

प्याज़ के रस में बियर का मिश्रण:

क्रमशः दो – दो चम्मच प्याज़ का रस और बियर को अच्छे से मिला लें। इस मिश्रण को अपने स्कल्प पर लगाएं, करीब आधा घंटा (30 मिनट) बीत जाने के बाद सिर को साफ़ पानी से धो लें। इस क्रिया को साप्ताहिक 2 या 3 बार दोहराएं, इससे बाल घने, मजबूत और मुलायम होंगे।

प्याज़ के रस में नारियल तेल का मिश्रण:

नारियल का तेल तो वैसे ही लाभदायक होता है पर अगर हम इसे प्याज़ के रस में मिश्रित कर लगाएं तो इसके अधिक फायदे मिलते हैं। 2 चम्मच प्याज़ का रस और 1 चम्मच नारियल तेल को अच्छी तरह मिला लें। रातभर अपने बालों में लगा रहने दें, सुबह धो लें। इस विधि को करने से बाल झड़ेंगे नहीं और उनकी ग्रोथ भी अच्छी होगी।

प्याज़ के रस में दही व नींबू का रस:

2 चम्मच प्याज के रस में, 1 -1 चम्मच खट्टा दही और नींबू रस मिला लें। इनको अपने हाथों में लेकर हल्के हाथों से सिर पर मसाज करें। कुछ देर मसाज करने के बाद कम से कम 30 मिनट के लिए उससे छोड़ दें। इस क्रिया को हफ्ते में 2 या 3 बार करने से बाल मजबूत व शाइनी बनेंगे।

प्याज़ के रस में अंडे की सफेदी का मिश्रण:

2 चम्मच प्याज के रस में 1 अंडे की सफेदी को अच्छी तरह मिक्स करें। धीरे धीरे अपने हाथों से अपने पूरे स्कल्प पर अच्छे से मसाज करें। अब एक घंटा बीत जाने के बाद बाल को अच्छी तरह धो लें। इसको भी हफ्ते में 2 बार करने से बालों का झड़ना कम होगा व तेज़ी से बाल बढ़ेंगे भी।

प्याज़ के रस में ऑलिव ऑयल का मिश्रण:

दो चम्मच प्याज़ के रस में एक चम्मच ऑलिव ऑयल (Olive Oil) को मिला लें। इस मिश्रण को रात में सोने से पहले अपने स्कल्प पर और बालों में ठीक से लगाएं। सुबह बाल को अच्छे से धो लें, यह क्रिया हफ्ते में दो बार जरूर दोहराएं। इसके करने से बालों का झड़ना कम होगा और लगातार ग्रोथ बनी रहेगी।

 

ध्यान दें: यह लेख सिर्फ बालों की सामान्य समस्याओं के लिए उपयुक्त है। परन्तु यदि आपके बाल ज्यादा टूट कर गिर रहे हैं या उनमें ग्रोथ बिल्कुल नहीं हो रही है तो आप डॉक्टर से जरूर मिले। उपर्युक्त दर्शायी गई विधियां घरेलू नुस्खें हैं जो काफी हद तक लाभदायक हैं आप एक बार इनकी भी मदद दे सकती/सकते हैं। कुछ लोगों में (महिला/पुरुष) बालों का गिरना, सफ़ेद होना अनुवांशिक लक्षण भी होता है।

 

लेखक:
रवि प्रकाश शर्मा